एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सदर अस्पताल बोकारो में दो पूर्व सीजेरियन के बाद 8 अगस्त को फाइब्रॉइड पीड़ित महिला की सदर अस्पताल में सफल सर्जरी की गयी।
सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देशन एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एन.पी. सिंह के सहयोग से अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 40 वर्षीय महिला की एब्डॉमिनल हिस्टेरेक्टॉमी सफलतापूर्वक की गई। महिला पूर्व में दो बार सीजेरियन सेक्शन से गुजर चुकी थी और गर्भाशय में फाइब्रॉइड (रसौली) के कारण विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थी।
बताया जाता है कि रोगी को पेट दर्द, अत्यधिक मासिक धर्म एवं अन्य स्त्री रोग संबंधी समस्याएं हो रही थी। चिकित्सकीय जांच एवं आवश्यक मूल्यांकन के बाद गर्भाशय में फाइब्रॉइड की पुष्टि हुई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगी की स्थिति का आकलन करने के बाद एब्डॉमिनल हिस्टेरेक्टॉमी करने का निर्णय लिया गया।
सदर अस्पताल बोकारो के शल्य चिकित्सा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ रश्मि मेधा एवं उनकी टीम द्वारा शल्यक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ एनेस्थीसिया प्रबंधन डॉ महेंद्र रजक द्वारा किया गया। चिकित्सकीय टीम के अनुसार, पूर्व में दो बार सीजेरियन सेक्शन की हिस्ट्री होने के बावजूद ऑपरेशन को सावधानीपूर्वक एवं सफलतापूर्वक पूरा किया गया। शल्य चिकित्सा के दौरान रोगी की स्थिति स्थिर रही तथा किसी प्रकार की जटिलता नहीं हुई। ऑपरेशन के बाद रोगी को पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
बोकारो के सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने सफल शल्य चिकित्सा के लिए स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग तथा एनेस्थीसिया टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उपाधीक्षक डॉ एन.पी. सिंह ने भी पूरी चिकित्सकीय टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सदर अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं के माध्यम से गंभीर एवं जटिल मामलों का उपचार सफलतापूर्वक किया जा रहा है। इससे जिले के रोगियों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है।
![]()













Leave a Reply