Advertisement

मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को ले विद्यालय में विशेष कैंप का आयोजन

अंचल अधिकारी ने राजकीयकृत बालिका मध्य विद्यालय का किया निरीक्षण

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू पंचायत स्थित राजकीयकृत बालिका मध्य विद्यालय में 8 अगस्त को मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति ने उपस्थित नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 की जानकारी दी।

बताया जाता है कि इस दौरान अंचल अधिकारी पेटरवार अशोक कुमार राम ने विद्यालय पहुंचकर कैंप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने विद्यालय में चल रहे नामांकन कार्य के साथ-साथ मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की जानकारी ली और संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी राम ने बताया कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है। वहीं मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा आवश्यक सुधार के लिए फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया भी चल रही है।

उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सही एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने उपस्थित रहिवासियों एवं पंचायतवासियों से अपील करते हुए कहा कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में सही स्थान पर दर्ज कराएं।

साथ ही यह सुनिश्चित करें कि किसी सदस्य का नाम एक से अधिक स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज न हो, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। विशेष कैंप के दौरान बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, संबंधित कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *