Advertisement

भंडारगढ़ा में जल जीवन मिशन योजना को अधूरा छोड़कर संवेदक फरार-पंसस

दर्जन भर घरों में नहीं लगा पाईप और नल, दो वर्ष से पेयजल आपूर्ति ठप्प

पंसस अयुब खान ने तीसरे दिन भंडारगढ़ा का दौरा कर लिया समस्या का जायजा

एस. पी. सक्सेना/लातेहार (झारखंड)। लातेहार जिला के हद में चंदवा प्रखंड के कामता पंचायत के भुसाढ़ स्थित भंडारगढ़ा गांव के सैंकड़ों ग्रामीण भीषण जल संकट का सामना कर रहे हैं। उन्हें पानी की समस्या से जूझना पर रहा है। जल जीवन मिशन योजना के तहत यहां करीब सात नल-जल लगाए गए हैं, इसमें छः खराब है और केवल एक चालू है। जबकि अधुरा कार्य छोड़कर संवेदक भाग गया है। उक्त बाते कामता के पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने 12 मई को कही।

पंसस खान के अनुसार भंडारगढ़ा रहिवासी रविन्द्र गंझु के घर के समीप दो वर्ष पुर्व नल-जल और चापानल तो लगा दिया गया, लेकिन पानी की आपूर्ति के लिए एक भी घरों में पईप और नल नहीं पहुंचाई गई है। कार्य को अधूरा छोड़कर संवेदक के फरार होने से दर्जनों गांवों में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। इसके कारण ग्रामीणों में काफी रोष है। कहा कि गर्मी के कारण पानी की स्थिति भयावह हो गई है।

उन्होंने बताया कि रहिवासी सहजीवन भोगता के घर के बगल में लगे नल-जल कई महिनों से ख़राब है। भोदल गंझु के घर के समीप लगभग दो वर्ष पुर्व नल-जल लगाया गया था। दो तीन माह यह चला, इसके बाद बोरिंग धंस गया, तब से यह बंद है। उन्होंने बताया कि पारगढ़ा में बालगोविंद गंझु के घर के समीप नल-जल की स्टार्टर और समरसेबल पंद्रह दिन से खराब है। रहिवासी गोपाल गंझु, सुदेशी गंझु के घर के समीप के नल-जल का सोलर आंधी तुफान में पलट गया है। इसके कारण यहां नल-जल बंद है। अर्जुन गंझु के घर के समीप का नल-जल से घरों तक पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है।

उन्होंने कहा कि कामता पंचायत के मुखिया प्रत्याशी रहे रविना देवी, सहजीवन भोगता, सूरज गंझु, बिसनी देवी, रूपंती देवी, जमनी देवी, लीलावती देवी, मुनिया देवी, उर्मिला देवी, संगीता देवी, उमेश गंझु, भोंदल गंझु, दिलीप गंझु, धरमू गंझु, गुलेशर गंझु, शिवकुमार गंझु, फुल कुमारी देवी, सुदेशी गंझु, कार्तिक गंझु, पुनम देवी, विनय गंझु, सीमा देवी ने बताया कि गांव में जल संकट गहरा गया है। कड़कड़ाती धूप में पानी के लिए रहिवासियों को भटकना पर रहा है।

तीसरे दिन भंडारगढ़ा का दौरा कर समस्या का जायजा लेने के बाद पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने लातेहार जिला उपायुक्त संदीप कुमार से नल-जल का कार्य अधुरा छोड़कर भागने वाले जल जीवन मिशन के संवेदक पर कार्रवाई करने तथा खराब पड़े सभी नल-जल को चालू कराकर जल संकट दूर करने की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *