प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कार्मेल स्कूल करगली में बीते 11 मई को अचीवर्स नाइट का आयोजन किया गया। अचीवर्स नाइट के तहत विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बेरमो के थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सीएमओ, बीएंडके एरिया सीसीएल डॉ के पी शाही, बीटीपीएस कार्मेल स्कूल प्रिंसिपल सिस्टर प्रेमलता, प्रिंसिपल लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल गोमिया सिस्टर सीबी एवं प्रिंसिपल कार्मेल स्कूल करगली सिस्टर शेरिन जोसेफ द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन कर एवं बच्चों द्वारा प्रेयर डांस के साथ किया गया।
समारोह में कक्षा नर्सरी से इलेवन तक के मेधावी विद्यार्थियों जिन्होंने कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया ऐसे 117 विद्यार्थियों तथा परफेक्ट अटेंडेंस वाले 57 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही साथ स्वच्छ भारत आर्ट कॉम्पिटिशन में नेशनल अवार्ड प्राप्त करने वाली कक्षा आठवीं की छात्रा आर्य सिंह एवं 18 स्टेट लेवल विनर्स को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने बच्चों को सफलता एवं अनुशासन के मंत्र सिखाए। साथ ही अच्छे नागरिक बनने और यातायात सुरक्षा के सुझाव साझा किए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर शेरीन जोसेफ ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए साधुवाद दी। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गई तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु शिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।
![]()













Leave a Reply