Advertisement

विकसित भारत-एक भारत श्रेष्ठ भारत पर हाजीपुर में क्विज प्रतियोगिता

ज्ञान, अनुशासन व् राष्ट्रप्रेम से साकार होगा विकसित भारत का सपना-डॉ केकी कृष्ण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित राज्य संपोषित बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 7 अगस्त को कक्षा 9 की छात्राओं के बीच विकसित भारत-एक भारत श्रेष्ठ भारत विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विकसित भारत, एक भारत श्रेष्ठ भारत, राष्ट्रीय ध्वज, स्वतंत्रता आंदोलन, देशभक्ति और राष्ट्रीय सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्या डॉ केकी कृष्ण, सरोज कुमार सिंह, राजेश कुमार, शुभांगी, गुलशन गौरव, नूतन कुमारी, सविता कुमारी, अशोक कुमार एवं शालिनी भास्कर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्या डॉ कृष्ण ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब नई पीढ़ी ज्ञान, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और संवैधानिक मूल्यों से समृद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्राओं में राष्ट्रीय चेतना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं।

आयोजित प्रतियोगिता में राज्य प्रवीण ने प्रथम, सपना कुमारी ने द्वितीय और दुर्गा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लक्ष्मी कुमारी के प्रदर्शन को भी सराहा गया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक सरोज कुमार सिंह ने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तर्कशक्ति और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। शिक्षक राजेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व ऐसे आयोजन छात्राओं में देशभक्ति और कर्तव्यबोध जगाते हैं। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्राओं को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *