प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने मुहिम छेड़ दी है। थाना पुलिस एवं रहिवासी एकजुट होकर अभियान चला रहे है। थाना प्रभारी ने नशे से दूर रहने की अपील की है।
बोकारो जिला में नशे के बढ़ते प्रचलन और उससे समाज पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को रोकने के लिए जिला के हद में गोमिया प्रखंड के आईईएल थाना पुलिस एवं स्थानीय रहिवासियों ने 24 जून को संयुक्त रूप से मून लाईट चौक में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, जीवंत प्रस्तुति और मॉक ड्रिल के माध्यम से रहिवासियों को नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नुक्कड़ नाटक से की गयी। स्थानीय कलाकारों और रहिवासियों ने मिलकर शराब, गांजा, ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थों के सेवन से आम इंसान और उसके पूरे परिवार पर पड़ने वाले असर का सजीव चित्रण किया। नाटक में दिखाया गया कि कैसे नशे की लत के कारण घर उजड़ जाते हैं, बच्चे अनाथ हो जाते हैं, आर्थिक तंगी से परिवार टूटता है और घरेलू हिंसा व अपराध की घटनाएं बढ़ती हैं।
नाटक कलाकार विश्वजीत रविदास और ममता देवी की प्रस्तुति को उपस्थित जनों ने खूब सराहा। रहिवासियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में हरसंभव सहयोग का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आईईएल थाना प्रभारी श्यामलाल मंडल ने कहा कि नशा केवल एक को बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। कहा कि सबसे ज्यादा खतरा हमारी युवा पीढ़ी को है। इसे बचाना पुलिस के साथ-साथ हर माता-पिता, शिक्षक और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की संगत और गतिविधियों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि गांव-टोले में कहीं भी नशीली वस्तुओं की बिक्री या सेवन की जानकारी मिले तो तुरंत थाना को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
नशा के खिलाफ जागरूकता अभियान का मुख्य आकर्षण पुलिस द्वारा की गई मॉक ड्रिल रही। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रदर्शित किया कि नशे की हालत में होने वाले झगड़े-फसाद, सड़क दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में कैसे शांतिपूर्ण और प्रभावी तरीके से निपटा जा सकता है। पुलिसकर्मियों ने बताया कि 112 नंबर पर कॉल कर तत्काल पुलिस सहायता ली जा सकती है। नशे में धुत इंसान से उलझने के बजाय पुलिस को सूचना देना ज्यादा सुरक्षित है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि शांति देवी, सामाजिक कार्यकर्ता पिंटू पासवान, अशोक यादव, शेरा यादव, मिठु कुमार, मनोज रविदास समेत बड़ी संख्या में युवा और रहिवासी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी मंडल ने सभी को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के रहिवासियों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उपस्थित जन समूह ने हाथ उठाकर नशा न करने और न करने देने का संकल्प लिया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि नशे के कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
![]()













Leave a Reply