Advertisement

प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर जागरूकता कार्यक्रम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड सभागार में 24 जून को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सह 20 सूत्री अध्यक्ष दिलीप कुमार हेम्ब्रम, प्रखंड सह अंचलाधिकारी तथा एचडीएम पद पर कार्यरत किशोर कांत उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एचडीएम किशोर कांत ने बीएलए-2 की भूमिका एवं विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की तरह विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) भी मतदाताओं एवं राजनीतिक दलों के लिए एक पारदर्शी और सहभागी प्रक्रिया है।

उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि इन्यूमरेशन फेज आगामी 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान वर्ष 2026 की वर्तमान मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। जो भी मतदाता हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करेंगे, उनका नाम एसआईआर की प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को इन्यूमरेशन फेज के दौरान किसी प्रकार का दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। चाहे मतदाता किसी भी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश की पूर्व एसआईआर मतदाता सूची से मैप किया गया हो या नहीं। कहा कि हस्ताक्षरित फॉर्म जमा करने पर उसका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मतदाताओं से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *