Advertisement

शांतिपूर्ण झारखंड पात्रता परीक्षा के संचालन हेतु प्रशासन पूरी तरह तैयार-डीसी

डीसी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा, दिया सख्त निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड लोक सेवा आयोग अंतर्गत झारखंड पात्रता प्रतियोगिता परीक्षा–2024 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित होना है।

इसी क्रम में 25 अप्रैल की संध्या बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने अपने गोपनीय कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी केंद्राधीक्षकों, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा ऑब्जर्वर, फ्लाइंग स्क्वाड एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वीडिओ कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीसी ने निर्देश दिया कि पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी/जवान 26 अप्रैल को प्रातः 6 बजे बोकारो कोषागार पहुंचकर प्रश्न पत्र बॉक्स का मिलान सुनिश्चित करेंगे तथा सुबह 8 बजे तक संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना अनिवार्य होगा। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को समय पर परीक्षा केंद्र खोलने के निर्देश दिए।
कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट/केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी अधिकारी या कर्मी द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

इसका सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षार्थियों का प्रवेश सघन जांच के बाद ही किया जाए, आइरिस उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए तथा मोबाइल, पेजर, ब्लूटूथ, स्मार्ट हैंड वाच जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी चास तथा बेरमो को परीक्षा केंद्रों के बाहर धारा 163 लागू करने का निर्देश दिया गया, ताकि परीक्षा में विधि-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को सुनिश्चित करने को कहा कि जिले के सभी 51 परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी – आइरिस उपस्थिति दर्ज करने, फ्रिस्किंग (तलाशी) आदि की व्यवस्था रहे। मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, उक्त परीक्षा के नोडल पदाधिकारी सह डीएलएओ द्वारिका बैठा, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

बोकारो जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ करने का निर्देश दिया है, ताकि परीक्षा का आयोजन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। जानकारी हो कि, जिले में कुल 51 परीक्षा केंद्र बनाएं गए हैं, जिसमें 22,404 परीक्षार्थी 26 अप्रैल को आयोजित होनेवाले परीक्षा में शामिल होंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *