रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। दिल्ली पब्लिक स्कूल डीपीएस बोकारो में 14 सितंबर को हिन्दी दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि संस्कारों की जननी और समृद्ध भारतीय संस्कृति की पहचान है। यह हमारी भावनाओं, परंपराओं और विचारों को जोड़ती है। अन्य भाषाएं दुनिया से जोड़ती हैं, जबकि हिन्दी हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक इंसान को अपनी भाषा का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि भाषा के कमजोर होने से संस्कृति और पहचान भी प्रभावित होती है। विद्यार्थियों को अर्द्धवार्षिक परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने मेहनत, निष्ठा और लगन से पढ़ाई करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना-सभा पूरी तरह हिन्दी में आयोजित की गयी। विद्यार्थियों ने कविता पाठ, समूह गान और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। हिन्दी विभाग की गृह पत्रिका स्वरा के सितंबर अंक का विमोचन भी किया गया। हिन्दी पखवाड़े के तहत कविता पाठ, मुहावरे और पहेली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
![]()













Leave a Reply