Advertisement

उपायुक्त ने सुरक्षित शहर, हमारा शहर ग्रुप बनाने का दिया निर्देश

उपायुक्त ने सभी ग्रुप को एक्टिव व सदस्यों की संख्या बढ़ाने का दिया निर्देश

एस. पी. सक्सेना/देवघर (झारखंड)। देवघर जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री (Deoghar District Deputy Commissioner Manjunath Bhajantri) की अध्यक्षता में 19 अप्रैल को सुरक्षित गाँव, हमर गाँव ग्रुप के हो रहे सदुपयोग व संचालन कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।

इस दौरान उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि जिला, प्रखंड, पंचायत स्तर तक सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान के साथ लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी, सूचना प्रदान करने के अलावा उन्हें जागरूक करने की कड़ी को मजबूत करने के उद्देश्य से 194 पंचायत में व्हाट्सएप ग्रुप (सुरक्षित गांव, हमर गांव) बनाया गया है।

बैठक के दौरान उपायुक्त भजंत्री ने सुरक्षित गांव, हमर गांव के तर्ज पर नगर निगम के सभी 36 वार्ड एवं नगर परिषद क्षेत्र में सुरक्षित शहर, हमारा शहर ग्रुप बनाने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया, ताकि शहरी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मियों को जोड़ा जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि सही समय पर सही सूचनाएं किसी भी योजना की सफलता के लिए मूल कारक है। सूचनाओं के संप्रेषण में सुरक्षित गांव, हमर गांव व्हाट्सएप ग्रुप अत्यंत प्रभावी है। पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, तेजस्विनी क्लब की बालिकाएं, मीडिया के प्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चिकित्सक, थाना प्रभारी आदि इस ग्रुप से जुड़े हुए हैं। उपायुक्त ने सभी 194 पंचायतों के ग्रुप को और भी प्रभावी तरीके से संचालित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Vedio Conferencing) के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सूचनाओं के संप्रेषण में यह ग्रुप अत्यंत प्रभावकारी है। इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं एवं जन समस्याओं को दूर करने में इसकी मदद लें।

अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ कर सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा जिला प्रशासन के द्वारा की जा रही नित्य गतिविधियों से रूबरू रहें। यह ग्रुप टू वे कनेक्शन पर आधारित है।

उन्होंने जल्द से जल्द देवघर नगर निगम एवं मधुपुर नगर परिषद के सभी वार्डों के लिए सुरक्षित शहर, हमारा शहर व्हाट्सएप ग्रुप को तैयार करते हुए इसे संचालित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

इस दौरान नगर आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, डिस्ट्रिक्ट कॉ-आर्डिनेटर लघु कुटीर उद्योग, डीसी के प्रतिनियुक्त अधिकारी चिनमय पाटिल, देबंजली मंडल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, लघु-कुटीर उद्योग के सभी प्रखंडो के ब्लॉक कॉ-आर्डिनेटर एवं संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मी आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *