बीडीओ ने 10 व् 11 अगस्त को 15 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा की जारी की सूची
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र में बच्चों के अधिकार, सुरक्षा एवं कल्याण को सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कसमार प्रखंड की सभी 15 पंचायतों में पंचायत स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों का गठन किया जाएगा। इसको लेकर बीडीओ नम्रता जोशी ने 8 अगस्त को आदेश जारी करते हुए सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित करने की तिथि निर्धारित कर दी है।
बीडीओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार आगामी 10 अगस्त को प्रखंड के हद में टांगटोना, पोंडा, कसमार, गर्री, खैराचातर, मंजुरा, मधुकरपुर, बरईकला एवं हिसीम पंचायत में विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। वहीं 11 अगस्त को दांतु, सोनपुरा, दुर्गापुर-बगदा, सिहपुर एवं मुरहुलसूदी पंचायत में ग्राम सभा के माध्यम से बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति का गठन किया जाएगा।
जारी आदेश में सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर ग्राम सभा आयोजित कर संकल्प मार्गदर्शिका के अनुरूप समिति का गठन सुनिश्चित करें। इस अवसर पर बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके अधिकारों का संरक्षण समाज एवं प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। कहा कि पंचायत स्तर पर बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति का गठन इसी उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि बच्चों से संबंधित समस्याओं की पहचान और उनका समाधान स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी ढंग से किया जा सके।
उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से बाल श्रम, बाल विवाह, बच्चों के साथ होने वाली हिंसा, शोषण एवं अन्य समस्याओं पर नजर रखने के साथ जरूरतमंद बच्चों को उचित सहायता एवं संबंधित विभागीय योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, विद्यालयों एवं समुदाय के आमजनों से अपील की है कि वे बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।

बीडीओ ने कहा कि समिति का गठन महज एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। कहा कि समिति गठन के बाद इसकी नियमित मासिक बैठके आयोजित की जाएंगी और तय कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि समिति के कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए अद्यतन रिपोर्ट जिला बाल संरक्षण इकाई बोकारो एवं प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
बाल संरक्षण को लेकर लगातार अभियान-गौतम सागर
जानकारी देते हुए स्वयंसेवी संस्था सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर ने बताया कि जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन नेटवर्क के माध्यम से बोकारो सहित पूरे देश में बाल संरक्षण एवं बच्चों के अधिकारों को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कहा कि पंचायत स्तर पर समितियों के गठन से बच्चों से जुड़े मुद्दों को स्थानीय स्तर पर मजबूती से उठाने और समय पर हस्तक्षेप करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह, बाल श्रम एवं बच्चों के साथ होने वाले शोषण की रोकथाम के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए समाज, पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। मौके पर प्रखंड के हद में सभी पंचायतों के पंचायन सेवक उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply