ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल कार्यालय तेनुघाट में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता बोकारो सुनील चंद्र के अध्यक्षता एवं अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मनोज कुमार के उपस्थिति में 7 अगस्त को बैठक की गयी। उक्त बैठक सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता के साथ गोमिया विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर आयोजित की गयी।
इस संबंध में राजनीतिक दलों और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर एजेंडा जारी किया गया। जिसमें कहा गया कि बीते पांच अगस्त को मतदाता सूची का प्रकाशन के बाद दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक निर्धारित है। कहा गया कि दावा-आपत्ति का निपटारा 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक किया जायेगा। 8, 9, 22 और 23 अगस्त को स्पेशल कैंप लगाया जाएगा। जिसमें ग्राम सभा की बैठक आगामी 15 अगस्त को की जायेगी। मतदाता सूची का सात ऑक्टूबर को प्रकाशन किया जाएगा।
कौन बनवा सकता है नया वोटर कार्ड
बैठक में कहा गया कि निर्वाचन कार्यालय के अनुसार एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 के साथ आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ रंगीन फोटो, आयु प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और घोषणा पत्र देना अनिवार्य होगा। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं/12वीं का सर्टिफिकेट या पासपोर्ट मान्य होगा। इसके अलावा पता के प्रमाण हेतु एक साल पुराना बिजली/पानी/गैस बिल, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट, किसान बही, रजिस्टर्ड किरायानामा या सेल डीड को भी मान्यता दी जायेगी।

बैठक में कहा गया कि मृत मतदाता का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7, नाम-पता-उम्र में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जाएगा। प्रवासी भारतीय फॉर्म-6के से आवेदन कर सकते हैं। बेघर/फुटपाथ पर रहने वाले और हॉस्टल में रहने वाले छात्र भी वोटर बनने के लिए योग्य हैं। छात्रों को बोनाफाइड और हॉस्टल सर्टिफिकेट देना होगा। कहा गया कि एक से अधिक जगह नाम दर्ज कराना कानून अपराध है।
उपस्थित पदाधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि निर्धारित तिथियों में दावा-आपत्ति देकर अपनी मतदाता सूची में प्रविष्टि जरूर कराएं। मौके पर पेटरवार अंचल अधिकारी अशोक राम, गोमिया अंचल अधिकारी आफताब आलम, अंचल अधिकारी कसमार नरेंद्र कुमार सिंह, झामुमो जिला सचिव मुकेश कुमार महतो, भाजपा के लक्ष्मण नायक, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष लालबहादुर शर्मा, आजसू के राजेश विश्वकर्मा सहित कई दलों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply