दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को दिया गया ₹1 करोड़ का दुर्घटना मृत्यु लाभ
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कर्मचारियों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गयी है। इस पहल के तहत रामगढ़ जिला के हद में सीसीएल कुजू क्षेत्र के जीएम यूनिट स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में 7 अगस्त को पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (सीएसपी) के अंतर्गत ₹ एक करोड़ की दुर्घटना मृत्यु लाभ राशि का चेक दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को प्रदान किया गया।
सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह लाभ कुजू क्षेत्र के कर्मा परियोजना में पूर्व सहायक (ग्रेड-डी) दिवंगत बसुदेव महतो के आश्रितों को प्रदान किया गया। इस अवसर पर उनकी माता भोखरी देवी को ₹ एक करोड़ का चेक सीसीएल एवं पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में औपचारिक रूप से सौंपा गया।
उल्लेखनीय है कि सीसीएल में कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (सीएसपी) के अंतर्गत दुर्घटना मृत्यु लाभ के दावे का यह सातवाँ सफल निपटान है, जो सीसीएल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक संबल प्रदान करने की इस योजना की उपयोगिता को रेखांकित करता है।
इस अवसर पर कुजू क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा, सीसीएल मुख्यालय रांची से विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध) पल्लब चक्रवर्ती, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) रूबी रंजन, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) सुचित्रा मुखर्जी, कर्मा परियोजना के परियोजना पदाधिकारी रमेश्वर मुंडा तथा कुजू क्षेत्र के विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) सुमित प्रज्ञ सारंगी उपस्थित रहे।
वहीं पंजाब नेशनल बैंक हजारीबाग सर्किल के सर्किल हेड दीपक कुमार वर्मा, मार्केटिंग हेड रोहित, कुजू शाखा के शाखा प्रबंधक ईशाक बरला, शाखा प्रबंधक ब्रह्मांड साह तथा पीएनबी मेटलाइफ के सर्किल हेड बिनोद कुमार सहित बैंक के अन्य अधिकारीगण भी समारोह में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने दिवंगत कर्मचारी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की। उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज केवल एक बैंकिंग सुविधा नहीं, बल्कि कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जो आकस्मिक परिस्थितियों में आश्रितों को वित्तीय संबल प्रदान करता है।
अधिकारियों ने कर्मचारियों से अपील की कि वे कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं बीमा लाभों की जानकारी प्राप्त करें तथा अधिकतम लाभ उठाएँ। उन्होंने कहा कि सीसीएल एवं पंजाब नेशनल बैंक कर्मचारी कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में भी कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के हितों की रक्षा के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं उपस्थित प्रतिनिधियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
![]()













Leave a Reply