एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव से विभिन्न राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों एवं सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने 6 अगस्त को मुलाकात की। मंत्री से जेपीएससी एवं जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी। उक्त जानकारी एआईएसएफ राज्य सह सचिव एवं रांची जिलाध्यक्ष एहतेशाम परवीन ने दी।
उन्होंने बताया कि भेंट में संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से मांग की कि जेपीएससी एवं जेएसएससी सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए राज्य सरकार विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन करे। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं का संचालन किसी विश्वसनीय घरेलू एजेंसी से कराया जाए तथा छात्रों को छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में चल रहे आंदोलन में किसी संगठित समूह की संलिप्तता के आरोप हैं, तो उनकी भी निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक अभ्यर्थियों के लोकतांत्रिक आंदोलन की विश्वसनीयता और हितों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि छात्रों की चिंताओं एवं मांगों पर सरकार सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ विचार करेगी तथा संबंधित विभागों के समक्ष इन मुद्दों को उठाकर आवश्यक कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में राजद के प्रदेश महासचिव इरफ़ान अहमद अंसारी, राजद रांची जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र महतो, कांग्रेस के योगेंद्र सिंह, भाकपा (माले) के आर. एन. सिंह, सीपीआई के अजय कुमार, एसएफआई के दानिश खान, एआईएसएफ के एहतेशाम परवीन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply