अपर समाहर्ता ने सुनी आमजनों की समस्या, अधिकारियों को दिए निष्पादन के निर्देश
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला समाहरणालय स्थित सभागार में 4 अगस्त को आयोजित हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
लोक संवाद कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (एसी) सुनील चन्द्र ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भूमि, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों से संबंधित आवेदनों पर सुनवाई की गयी।
बताया जाता है कि कार्यक्रम के दौरान प्राप्त 33 आवेदनों पर क्रमवार सुनवाई करते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सभी मामलों का त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जन सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, विद्युत, बीएसएल, डीपीएलआर, आपूर्ति, कल्याण एवं विभिन्न अंचल कार्यालयों से संबंधित मामलों पर विस्तार से विचार किया गया।
अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मौके पर प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून आदि अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply