Advertisement

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डीईओ सह डीसी ने ईआरओ एवं एईआरओ को दिए निर्देश

सोशल मीडिया सहित सभी माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत न्यू वोटर्स अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 4 अगस्त को आभासी बैठक की। बैठक में उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक की।

जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में डीईओ सह डीसी झा ने बताया कि न्यूवोटर्स विशेष अभियान का आयोजन 5 अगस्त को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन एवं अधिकाधिक पात्र युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी एक अक्टूबर तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराया जाए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा बीएलओ के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि न्यूवोटर्स अभियान का सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म सहित अन्य जनसंचार माध्यमों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा अभियान से जुड़ें और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सके। आभासी बैठक में डीईओ सह डीसी ने दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं ईआरओ-एईआरओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *