रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजूरा पंचायत के पगारटांड गांव में पिछले लगभग तीन सप्ताह से खराब विद्युत ट्रांसफार्मर के कारण पूरा गांव अंधेरे में डूबा था। बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीण रहिवासियों को पेयजल, बच्चों की पढ़ाई, खेती-बाड़ी और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय से ट्रांसफार्मर बदलने की मांग कर रहे ग्रामीणों की समस्या का समाधान आखिरकार हो गया।
जानकारी के अनुसार गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो के सतत प्रयास, विद्युत विभाग से लगातार समन्वय और पहल के बाद बीते 8 जुलाई को गांव में 200 केवीए क्षमता के नए विद्युत ट्रांसफार्मर का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन पूर्व विधायक ने फीता काटकर तथा स्विच ऑन कर किया। ट्रांसफार्मर चालू होते ही पूरे गांव में पुनः विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो एवं जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज के प्रति आभार व्यक्त की तथा कहा कि उनकी सक्रिय पहल से लंबे समय से चली आ रही परेशानी समाप्त हुई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों का इसी तरह त्वरित समाधान कराया जाएगा।
पूर्व विधायक डॉ महतो ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनका पहला दायित्व है। उन्होंने कहा कि पगारटांड के ग्रामीण पिछले कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे थे। सूचना मिलते ही उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और शीघ्र स्थापना कराने का आग्रह किया। उनके प्रयासों का परिणाम है कि आज गांव में नया 200 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। रहिवासियों के विश्वास पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास और हर मूलभूत सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना मेरी प्राथमिकता है। आमजनों की किसी भी समस्या को अनदेखा नहीं होने दिया जाएगा और हर जरूरतमंद तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए मैं लगातार प्रयास करता रहूँगा।
जिप सदस्य अमरदीप महाराज ने कहा कि पगारटांड के ग्रामीणों को तीन सप्ताह तक अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ा, जिससे रहिवासियों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक ने लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क बनाए रखा, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल समस्याओं को सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान तक लगातार प्रयास करना है। क्षेत्र के विकास, बेहतर विद्युत व्यवस्था और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए वे हमेशा जनता के साथ खड़े रहेंगे तथा हर गांव तक मूलभूत सुविधा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा।
![]()













Leave a Reply