Advertisement

इंटर स्टेट आर्ट्स टॉपर छोटी के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, प्रशासन करेगा सहयोग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर रहिवासी इंटर स्टेट आर्ट्स टॉपर छोटी कुमारी ने 9 जुलाई को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उसने अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया।

बताया जाता है कि स्टेट टॉपर छोटी की बातों को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसे कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं से आच्छादित किया जाए। साथ ही उसकी उच्च शिक्षा के लिए स्पॉन्सरशिप की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आर्थिक कारणों से उसकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

डीसी ने छोटी को आश्वस्त करते हुए कहा कि उसकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। जिला प्रशासन उसकी पढ़ाई और भविष्य निर्माण में हरसंभव सहयोग करेगा, ताकि वह अपने सपनों को साकार कर सके। छोटी ने बताया कि उसका नामांकन रांची विमेंस कॉलेज में इतिहास (ऑनर्स) विषय में होने जा रहा है। उसने भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाकर देश और समाज की सेवा करने की इच्छा भी जताई।

उसकी इस आकांक्षा की सराहना करते हुए डीसी ने कहा कि मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता। सफलता मिलने पर उसे सिर पर मत चढ़ने देना। पूरी लगन, अनुशासन और ईमानदारी के साथ पढ़ाई करो और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहो।
मौके पर उपस्थित उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार एवं प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन को भी डीसी ने निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर छोटी का मार्गदर्शन करें, ताकि वह आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *