Advertisement

अवैध कोयला कारोबारियों पर सीआईएसएफ का बड़ा प्रहार

कारो क्षेत्र में तस्करों के मंसूबे नाकाम 10.8 टन अवैध कोयला व दो पिकअप जब्त

प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल करगली के सीआईएसएफ कमाण्डेंट राजप्रताप सिंह को कोयला तस्करी पर नकेल कसने के लिए रात्रि में स्वयं सड़क पर निकलकर कमान संभालना पड़ा। परिणाम बेहद चौकाने वाला रहा।

बताया जाता है कि सीसीएल के बीएंडके अंतर्गत कारो परियोजना क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन के विरुद्ध सीआईएसएफ द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। संदिग्ध गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे लगभग 10.800 टन अवैध कच्चा कोयला सहित दो महिन्द्रा पिकअप वाहनों को जब्त किया गया।

जानकारी के अनुसार 9 जुलाई को प्रातः लगभग 6:15 बजे निगरानी दल द्वारा सूचना दी गई कि दो संदिग्ध पिकअप वाहन सुभाषनगर बस्ती की ओर से करगली बाजार की दिशा में जा रहा हैं। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ की स्ट्राइकिंग रिजर्व टीम सक्रिय हुई और तत्काल करगली मोड़ से आगे सुभाषनगर बस्ती की ओर रवाना हुई। सीआईएसएफ वाहन एवं जवानों को देखते ही दोनों पिकअप वाहनों के चालक अपने वाहन कारो मोड़ पर छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सीआईएसएफ द्वारा दोनों वाहनों की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन पंजीकरण क्रमांक JH15AF/0941 में लगभग 5.700 टन तथा वाहन पंजीकरण क्रमांक BR26GB/2932 में लगभग 5.100 टन कच्चा कोयला लोड पाया गया। दोनों वाहनों एवं उनमें लदे कुल 10.800 टन कच्चे कोयले को विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए जब्त कर लिया गया। मौके पर उक्त कोयले के परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान, ई-ट्रांजिट चालान अथवा अन्य अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। साथ ही, जब्त कोयले अथवा वाहनों पर वैध स्वामित्व अथवा कब्जे का दावा करने के लिए कोई भी उपस्थित नहीं हुआ।

सीआईएसएफ की इस कार्रवाई से अवैध कोयला परिवहन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। अवैध रूप से कोयला परिवहन कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था, जो खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के प्रावधानों का उल्लंघन है। सीसीएल प्रबंधन से प्राप्त संपत्ति प्रमाण पत्र के आधार पर जब्त दोनों पिकअप वाहनों एवं कोयले को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए बेरमो थाना को सुपुर्द कर दिया गया।

उक्त छापामारी अभियान का नेतृत्व सीआईएसएफ के उप कमांडेंट गारा अभिलाष ने किया। अभियान में उप निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, अमित कुमार, मुकेश कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रताप शंकर कुमार, मनोज यादव, मो. इफ्तेखार अंजुम, आरक्षक जोथमारी एम. सहित अन्य सीआईएसएफ जवानो ने सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका निभाई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *