Advertisement

एसआईआर कार्य में विवाद के कारण महिला बीएलओ बेहोश

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। एसआईआर कार्य के दौरान फार्म भरने के विवाद के कारण अंबा टोला में महिला बीएलओ बेहोश हो गयी।घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

घटना बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के हजारी पंचायत गैरूवाडीह अंबा टोला का बताया जा रहा है। बताया जाता है कि भारत सरकार निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे एसआईआर कार्यक्रम में महिला बीएलओ पुष्पा प्रमाणिक हजारी पंचायत के गैरूवाडीह अंबा टोला में सुपरवाइजर रितु कुमारी एवं अन्य सहयोगियों के साथ 9 जुलाई को काम कर रही थी, तभी अचानक वहां वाद विवाद होने से वह अचानक बेहोश हो गई। आनन फानन में उसे गोमिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

घटना की सूचना पाकर बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव महतो, अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और महिला बीएलओ के स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि असामाजिक तत्व द्वारा सरकारी काम में बाधा डालने का कार्य किया गया है। कहा कि गोमिया बीडीओ एवं सीओ को निर्देश दिया गया है कि संबंधित के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराये। कहा कि इस कारण 4 घंटा एसआईआर कार्य बाधित रहा।

गोमिया बीडीओ ने कहा कि गोमिया के बूथ नंबर 38 में एसआईआर का काम चल रहा था। सुबह से कार्य करने के बाद सारे फार्म को डिजिटल मोड में लाना था, इस दौरान एक असामाजिक तत्व वहां हंगामा करने लगा। इस कारण माहौल बिगड़ गया और महिला बीएलओ मूर्छित होकर गिर गई। जिसे तुरंत स्वास्थ्य केंद्र गोमिया लाया गया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य है। उन्होंने आमजनों से अपील किया कि इसमें सहयोग करने की जरूरत है। मौके पर पंचायत की मुखिया तारामणि भोक्ता, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, आशीष ठाकुर एवं उक्त महिला के परिजन उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *