Advertisement

महाप्रबंधक आवासीय परिसर शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा सह महायज्ञ का समापन

शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठान नगर भ्रमण में हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा कथारा क्षेत्र

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के असनापानी स्थित महाप्रबंधक आवासीय परिसर में बीते 19 जून से कलश यात्रा के साथ शुरु श्रीशिव प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का बीते 22 जून की संध्या विधिवत समापन हो गया। देवभूमि वनारस से पधारे आचार्य अंजनी नंदन शास्त्री ने यज्ञ के अंतिम दिवस संध्या बेला में शिव की महिमा, देश के आध्यात्मिक संस्कारो के इतिहास का संक्षिप्त वर्णन कर उपस्थित श्रद्धालू जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर सेवा कार्य में उत्कृष्ट सहयोग करनेवाले श्रद्धालुओं को यज्ञ समिति द्वारा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर श्रीशिव यज्ञ समिति के पवन कुमार सिंह ने 23 जून को बताया कि बीते 19 जून से शुरु श्री 108 महारूद्र यज्ञ सह शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठान के अंतर्गत बीते 21 जून को नगर भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कहा कि असनापानी कॉलोनी स्थित यज्ञ स्थल से प्रारंभ शोभायात्रा पूरे कथारा क्षेत्र में भक्ति की लहर लेकर गुजरी। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा नगर शिव मय हो उठा।

उन्होंने बताया कि गाजे-बाजे के साथ निकली शोभा यात्रा असनापानी कॉलोनी यज्ञ स्थल से कथारा चार नंबर शिव मंदिर, एक नंबर शिव मंदिर, मोहली बांध शिव मंदिर और रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर पहुंची। प्रत्येक मंदिर पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर भक्तों का अभिनंदन किया। मंदिरों में विधिवत दर्शन-पूजन कर शिव परिवार के आशीर्वाद की कामना की गई।

बताया गया कि नगर भ्रमण करती शोभायात्रा कथारा मोड़ स्थित शिव मंदिर पहुंची। सभी जगह बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासियों ने शोभा यात्रा का स्वागत किया। महिला और पुरुषों ने भगवा ध्वज लेकर शोभा यात्रा की शोभा बढ़ाई। कथारा मोड़ से पुन: शोभायात्रा यज्ञ स्थल असनापानी कॉलोनी लौट गयी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना किया गया।

इस पावन नगर भ्रमण में यज्ञ यजमान के रूप में सीसीएल कथारा क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक संजय कुमार उनकी अर्धांगिनी इंदु देवी तथा विभागाध्यक्ष आसैनिक संजय सिंह एवं उनकी अर्धांगिनी दीपा कुमारी ने मुख्य भूमिका निभाई। यजमान दंपतियों ने आचार्य दीपक त्रिपाठी, श्याम मिश्रा, बालमुकुंद पांडेय, गौतम पांडेय, चंचल मिश्रा, शशिकांत के सानिध्य में सभी शिव मंदिरों में पूजन कर कथारा क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए देवाधिदेव भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की।

नगर भ्रमण कार्यक्रम में यज्ञ समिति के अजय कुमार सिंह, वेदव्यास चौबे, विजय यादव, इंद्रजीत कुमार सिंह, कृष्ण मोहन, आशीष चक्रवर्ती, गोविंद यादव, बालदेव सिंह यादव, सुनीता सिंह, जागेश्वर यादव, देवनारायण यादव, रवि कुमार, दीपक प्रसाद, रवि प्रसाद, चंद्रभूषण प्रसाद, दिलीप यादव, संजय गुप्ता, पवन यादव, रामजी प्रसाद, अर्चना सिंह, बिभा सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे। महिलाएं और बच्चे-बूढ़े सभी बोल बम के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि नगर भ्रमण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक चेतना जागृत करना और शिव परिवार के प्राण प्रतिष्ठान से पहले पूरे नगर को पवित्र करना था। समिति ने पुलिस-प्रशासन, स्थानीय श्रद्धालूजनों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह भव्य कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

आयोजकों के अनुसार प्राण प्रतिष्ठान का मुख्य अनुष्ठान आगामी दिनों में वैदिक विधि-विधान से संपन्न होगा, जिसमें सैकड़ो श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार यज्ञ पूर्णाहुति के अवसर पर उपरोक्त श्रद्धालुओं के अलावा कथारा चार नंबर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गुप्तेश्वर पांडेय, सीसीएल ढोरी क्षेत्र के अधिकारी अनिल कुमार तिवारी, कथारा क्षेत्र के अभियंता सहायक असैनिक कृष्ण मोहन, समाजसेवी अमरेश ठाकुर, भाजपा नेता विनय सिंह, सूर्यकान्त त्रिपाठी, मिथलेश प्रसाद, मुकेश साव, अन्नू मिश्रा, अर्चना शुक्ला, सुशीला देवी आदि श्रद्धालूजन उपस्थित थे। वहीं 23 जून को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालू महाप्रसाद ग्रहण किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *