Advertisement

जेसीएसटीआई संस्थान से जीजीएसईएसटीसी के दो शोध प्रोजेक्ट स्वीकृत

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। गुरु गोविंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटीज टेक्निकल कैंपस (जीजीएसईएसटीसी) बोकारो के दो फैकल्टी मेंबर्स को झारखंड काउंसिल ऑन साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन (जीजीएसईएसटीसी), झारखंड सरकार द्वारा प्रतिष्ठित रिसर्च प्रोजेक्ट आवंटित किए गए हैं। इससे संस्थान के रिसर्च एंड डेवलपमेंट कार्यों को नई पहचान मिली है।

जीजीएसईएसटीसी मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. डॉ बी. घोषाल को मुख्य अनुसंधानकर्ता (पीआई) तथा ई. सपन कुमार दत्ता को सह-अनुसंधानकर्ता (को-पीआई) बनाया गया है। उन्हें एक वर्ष की माइनर परियोजना के लिए दो लाख रुपये तक का अनुदान मिला है। शोध का विषय पेट्रोल और इथेनॉल मिश्रण से चलने वाले 4-सिलेंडर 4-स्ट्रोक इंजन की थर्मल दक्षता बढ़ाने तथा प्रदूषण कम करने से जुड़ा है।

वहीं रसायन विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर व डीन रिसर्च डॉ दिनेश कुमार गुप्ता को मुख्य अनुसंधानकर्ता (पीआई) और डॉ दीपक कुमार को सह-अनुसंधानकर्ता (को-पीआई) बनाया गया है। उन्हें दो वर्षीय मेजर प्रोजेक्ट के लिए पांच लाख रुपये तक की राशि स्वीकृत की गयी है। यह शोध हाइड्रोजन भंडारण के लिए नैनो-पोरस सामग्रियों एवं मेटल ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (एमओएफएस) पर आधारित है।
जीजीएसईएसटीसी संस्थान के निदेशक डॉ प्रियदर्शी जरुहार, अध्यक्ष तरसेम सिंह और सचिव एस.पी. सिंह ने सभी शोधकर्ताओं को साधुवाद देते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *