Advertisement

बोकारो में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त

सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए डीसी ने अधिकारियों को दिए कई निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 20 मई को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक में डीसी अजय नाथ झा ने राष्ट्रीय उच्च पथ एनएच-32 एवं एनएच-23 पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर निर्माण कार्य की डीपीआर को शीघ्र अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव एवं लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए पार पुल (फ्लाई ओवर) निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया में तेजी लाएं।

उपायुक्त ने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों की विशेष निगरानी करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिन स्थानों पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड, साइनेज एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि रात्रि के समय भी वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में डीसी ने शहर एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्पीड कैमरा लगाने की दिशा में भी तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार सड़क हादसों का सबसे बड़ा कारण बन रही है, इसलिए गति नियंत्रण के लिए तकनीकी व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। इसके अलावा अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि मुख्य सड़कों एवं बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर जाम एवं दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे में नियमित अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने नो हेलमेट, नो पेट्रोल अभियान को पूरी सख्ती के साथ लागू करने का निर्देश देते हुए कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को किसी भी स्थिति में पेट्रोल नहीं दिया जाए। उन्होंने परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
बैठक में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ब्रेथ एनालाइजर जांच अभियान तेज करने, नियमित वाहन जांच, पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। राहगीरों तथा रहिवासियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करना चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यालयों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम भी लगातार चलाए जाएं।बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, एनएच विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *