Advertisement

हाजीपुर में फॉर्च्यूनर सवार ने गाड़ी साइड विवाद पर कार सवार की चाकू से की हत्या

प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के दिग्घी मलमला चंवर के समीप बीते 24 दिसंबर की रात्रि भोज खाकर लौट रहे कार सवार युवक की फॉर्च्यूनर सवार ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी।

बताया जाता है कि गाड़ी साइड करने को लेकर दो वाहन सवारों में हुए विवाद में फॉर्च्यूनर सवार युवक ने कार सवार दो युवकों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस घटना में एक युवक की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई।

मृतक की पहचान पातेपुर थाना क्षेत्र के बरडिहा रहिवासी रामकिशन राय के 25 वर्षीय पुत्र चंद्रशेखर कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान बैजनाथ राय के 22 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है।

घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि मनीष अपने तीन दोस्तों के साथ हाजीपुर स्थित दोस्त आकाश कुमार के यहां भोज खाने आए थे। भोज के बाद वे चार पहिया वाहन से अपने घर पातेपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र के मलमला चंवर के स्माइल गाड़ी साइड करने को लेकर फॉर्च्यूनर और कार सवार युवकों के बीच विवाद बढ़ गया।

फॉर्च्यूनर सवार एक युवक चाकू लेकर नीचे उतरा और मनीष समेत तीनों कार सवार युवकों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके साथ ही गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना पर राहगीर और स्थानीय रहिवासी मौके पर जुट गए। डायल 112 को सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर को पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 25 दिसंबर को उसकी मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल मनीष ने बताया कि हाजीपुर से भोज करके घर लौटते समय रास्ते में गाड़ी साइड करने के विवाद के दौरान फॉर्च्यूनर पर सवार व्यक्ति ने उन्हें और उनके साथियों को चाकू से घायल कर दिया। साथ ही उनके वाहन का शीशा तोड़ दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गया। हाजीपुर सदर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा ने बताया कि गाड़ी साइड करने के विवाद में फॉर्च्यूनर सवार आरोपियों ने कार सवार दो युवकों पर चाकू से हमला किया।

घायलों को सदर अस्पताल लाया गया और बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान घायल चंद्रशेखर की मौत हो गई। थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपियों की पहचान कर जल्द हीं सलाखों के पीछे भेज दिया जायेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *