अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से मधुबनी में बीते 23 एवं 24 दिसंबर को दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव- 2025 का आयोजन किया गया। आयोजित युवा उत्सव में सारण जिला की ओर से कहानी लेखन विधा में जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के बदुराही रहिवासी अनिल कुमार सिंह के पुत्र सम्राट समीर ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है।
राज्य के कला एवं संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मधुबनी डीएम आनंद शर्मा सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों ने सम्राट समीर को कप, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। सारण जिला टीम की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, जिला कला, संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती सहित सभी पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
बताया जाता है कि इस युवा उत्सव में बिहार के सभी जिला से प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस संबंध में सारण की जिला कला, संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती ने 25 दिसंबर को जानकारी देते हुए बताया कि मधुबनी में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के लिए सारण जिला की टीम की ओर से सात विधाओं में भाग लेने के लिए कुल 24 प्रतिभागियों को पिछले 22 दिसंबर को बस से रवाना किया गया था।
दोनों दिन की प्रतियोगिता में सारण टीम के प्रतिभागियों ने सराहनीय प्रस्तुति दी। जिसमें कहानी लेखन विधा में सम्राट समीर को प्रथम स्थान मिला। बताया कि सारण जिला टीम का नेतृत्व जेडी प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परसौना परसा के संगीत शिक्षक गोविंद वल्लभ एवं श्रीरघुवीर सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महदलीचक सोनपुर की नृत्य शिक्षिका प्रियंका कुमारी ने किया।
![]()













Leave a Reply