Advertisement

पेसा नियमावली को कैबिनेट से स्वीकृति मिलने पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद का भव्य स्वागत

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। झारखंड के मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग योगेंद्र प्रसाद का 24 दिसंबर को बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित उनके आवासीय कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया।

जानकारी के अनुसार झामुमो पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पेसा नियमावली को कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के उपलक्ष्य में मंत्री का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने गाजे-बाजे के साथ उत्साहपूर्वक मंत्री का अभिनन्दन किया और इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।

मौके पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पेसा नियमावली को कैबिनेट द्वारा स्वीकृति मिलना राज्य सरकार की आदिवासी समाज के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। यह निर्णय चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा कि पेसा कानून आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास, ग्राम स्वशासन को सशक्त करने तथा उनके अधिकारों को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। इससे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर निर्णय प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी।

इस अवसर पर झामुमो बोकारो जिला समिति, पेटरवार, गोमिया एवं कसमार प्रखंड समिति के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। इसके पश्चात जोड़ा महुआ एवं पुटकाडीह में भी ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ देकर मंत्री का भव्य स्वागत किया तथा पेसा नियमावली को कैबिनेट से मिली स्वीकृति पर आभार व्यक्त किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *