Advertisement

खेलो इंडिया फिट इंडिया के तहत स्वामी विवेकानंद मैदान में सांसद खेल महोत्सव

सांसद खेल महोत्सव में बेरमो, नावाडीह व् गोमिया के सैकड़ों खिलाड़ियों ने लिया भाग

राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। भारत सरकार द्वारा आयोजित खेलो इंडिया फिट इंडिया के तहत 24 दिसंबर को बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद मैदान में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी, बेरमो प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी, अंचलाधिकारी संजीत कुमार सिंह, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पिंकु कुमार यादव आदि ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया।

इस अवसर पर सांसद ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे स्कूली छात्र छात्राओं के मनोबल को बढ़ाते हुए उनके खेल प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता खासकर गांव और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब खिलाड़ियों के प्रतिभा को निखारने के लिए आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सफल खिलाड़ी सर्वप्रथम राज्य स्तर पर अपना प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे। उसके बाद उन्हें नेशनल और इंटरनेशनल खेल प्रतियोगिता में भाग लेने का भी मौका देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों के प्रतिभा को निखारना है, ताकि वे आगे चलकर हमारे राज्य व देश का नाम रोशन कर सके। बंगलादेश में घटित हो रहे हिंसा के सम्बन्ध में सांसद ने कहा कि घटना बहुत ही अमानवीय है।

समारोह में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो, भाजपा के पूर्व बोकारो जिलाध्यक्ष भरत यादव ने भी अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में गोमिया, नावाडीह एवं बेरमो प्रखंड के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के लगभग 800 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। विजेता खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार एवं मेडल का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर बेरमो प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी, रीता देवी, थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव, भाजपा नेता श्रवण सिंह, भैरव महतो, सीमा देवी, विश्वनाथ यादव, जितेंद्र यादव सहित कई शामिल थे। मंच संचालन भाजपा बेरमो प्रखंड अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *