रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा के निर्देश पर 25 अक्टूबर को प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने सदर अस्पताल बोकारो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और वार्डों की व्यवस्था का जायजा लिया।
बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान आपातकालीन कक्ष में चिकित्सक डॉ रविंद्रनाथ उपस्थित मिले। जानकारी के अनुसार सुबह तक आपातकालीन कक्ष में कुल 23 मरीजों का उपचार किया गया था। प्रशिक्षु आईएएस ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जांच की। इस दौरान एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध पाई गई। उन्होंने विभिन्न वार्डों, बेडशीट और साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया। साथ ही मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों और नर्सों ने प्रिंटर से संबंधित समस्या की जानकारी दी। प्रशिक्षु आईएएस ने समस्या का समाधान कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि बोकारो जिला प्रशासन सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
![]()













Leave a Reply