Advertisement

बगदा रहिवासी गुनी बाबू के निधन से गांव में शोक की लहर, समाजसेवियों में शोक

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा गांव के सम्मानित एवं मिलनसार रहजवासी फाल्गुनी सिंह उर्फ गुनी बाबू के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन की खबर से ग्रामीणों, शुभचिंतकों और परिचितों के बीच गहरा दु:ख व्याप्त है।

गुनी बाबू के निधन पर सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानेश जायसवाल, बगदा के पूर्व मुखिया विष्णु चरण महतो, पंकज मोदक, सुधीर स्वर्णकार एवं अशोक सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ज्ञात हो कि दिवंगत गुनी बाबू अपने सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने जीवन काल में आमजनों के साथ आत्मीय संबंध बनाए, जिसके कारण वे समाज में सम्मान और स्नेह के पात्र रहे। उनके निधन को गांव और समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानेश जायसवाल ने गुनी बाबू के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। उनका सरल स्वभाव और रहिवासियों के प्रति आत्मीयता हमेशा याद की जाएगी। बगदा के पूर्व मुखिया विष्णु चरण महतो ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि गुनी बाबू एक मिलनसार और सम्मानित समाजसेवक थे। उनके निधन से गांव ने अपना एक प्रिय खो दिया है। उनकी स्मृतियां हमेशा यहां के रहिवासियों के दिलों में जीवित रहेंगी।

इस अवसर पर समाजसेवी पंकज मोदक ने कहा कि गुनी बाबू का निधन अत्यंत दु:खद है। उनके साथ जुड़ी यादें हमेशा रहिवासियों को उनकी कमी का एहसास कराती रहेंगी। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। सुधीर स्वर्णकार ने दिवंगत फाल्गुनी सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका सहज व्यवहार और आत्मीय व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से गांव में जो खालीपन आया है, उसकी भरपाई करना कठिन है।

रहिवासी अशोक सिंह ने भी गुनी बाबू के निधन पर गहरा दु:ख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *