Advertisement

दिवंगत सीसीएल कर्मी विजय हाड़ी की विधवा ने जीएम को सौंपा ज्ञापन

प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के बोकारो कोलियरी परियोजना में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत स्व. विजय हाड़ी की पत्नी मैना देवी ने 14 सितंबर को महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचकर जीएम संजय झा को ज्ञापन सौंपा। मौके पर विधवा के साथ सामाजिक संगठन दलित शोषण मुक्ति मंच के महासचिव मनोज कुमार पासवान थे।

बताया जाता है कि ज्ञापन के माध्यम से महिला ने विधवा पेंशन एवं पीएफ की राशि का भुगतान कराने की मांग की है। विधवा मैना देवी ने कहा कि पति के मृत्यु के करीब आठ वर्ष बाद भी उन्हें विधवा पेंशन एवं पीएफ की राशि का भुगतान नहीं हो सका है। कहा कि आगामी 15 दिनों के अंदर कार्रवाई नहीं किए जाने पर आगामी पांच अक्टूबर को महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष पूरे परिवार के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का काम करेंगे।

पीड़ित महिला ने बताया कि उनके पति स्व. विजय हांडी बोकारो कोलियरी परियोजना में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। पति का निधन 30 अक्टूबर 2018 को हो गया था। पति के निधन के बाद सीसीएल द्वारा ग्रेच्युटी की राशि का भुगतान कर दिया गया, लेकिन अब तक विधवा पेंशन और पीएफ की राशि लंबित है। शोषित मुक्ति मंच के महासचिव मनोज पासवान ने बताया कि पिछले 8 वर्षों से पीड़ित महिला सीसीएल कार्यालय का चक्कर लगा रही है। कहा कि मामले की जानकारी लेने पर अधिकारियों की ओर से दस्तावेजों में नाम से संबंधित कुछ त्रुटियां होने की बात कही गई। जबकि स्वजनों के अनुसार जिन त्रुटियों में सुधार संभव था, उन्हें ठीक कर आवश्यक कागजात कार्यालय में जमा करा दिया गया हैं।

इसके बावजूद दस्तावेजों को आगे नहीं भेजे जाने से भुगतान की प्रक्रिया लंबित है। कहा कि 15 दिनों के भीतर विधवा पेंशन एवं पीएफ भुगतान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पांच अक्टूबर से पीड़ित परिवार के साथ संबंधित कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *