Advertisement

पर्यटन मंत्री ने किया सारण के पहलेजा धाम में टेंट सिटी का उद्घाटन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने 7 अगस्त को सारण जिला के हद में
सोनपुर स्थित पहलेजा घाट पर पर्यटन विभाग की ओर से कांवरियों के लिए बनाई गई टेंट सिटी का उद्घाटन किया। उनके साथ स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह, सोनपुर नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू, सुनील सिंह, पहलेजा धाम के अध्यक्ष लाल बाबू राय एवं ज्ञानेन्द्र सिंह टुनटुन मुख्य रूप से उपस्थित थे।

जानकारी के अनुसार मंत्री बनने के बाद पहली बार पहलेजा धाम पहुंचे पर्यटन मंत्री गुप्ता ने इस दौरान विभाग की कई उपलब्धियां गिनाईं और कांवरियों की सेवा के लिए सरकार के संकल्प को दोहराया। उक्त टेंट सिटी में कांवरियों के लिए बेड की व्यवस्था की गई है, जहां कांवरियों के विश्राम के लिए ठहरने, शौचालय और स्नान जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उद्घाटन के अवसर पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और विभाग लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पहलेजा से मुजफ्फरपुर तक कांवरिया पथ के निर्माण के लिए उन्होंने निवेदन व पत्र लिखा था, जो स्वीकृत हो चुका है।

ज्ञात हो कि एक तरफ जहां टेंट सिटी कांवरियों के विश्राम का जरिया बनी है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक दावों की पोल खोलती घोर लापरवाही भी सामने आई है। हल्की बारिश के बाद पहलेजा घाट पर स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। टेंट सिटी के बाहर महज 10 फीट की दूरी पर ही घुटने भर कीचड़ पसरा है। हालात इतने बदतर थे कि उद्घाटन के लिए पहुंचे पर्यटन मंत्री को भी इसी कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा।

बताया जाता है कि श्रद्धालु फिसलने और कीचड़ के बीच से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे उनकी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि यदि घाट पर उपलब्ध सफेद बालू को मुख्य रास्तों पर डलवा दिया जाए, तो इस कीचड़ और फिसलन से कांवरियों को काफी हद तक राहत मिल सकती है। हालांकि, पर्यटन मंत्री के अपने संबोधन में पहलेजा घाट के समग्र विकास और इस जल-जमाव की समस्या के समाधान को लेकर किसी भी ठोस योजना का जिक्र नहीं किया गया, जो घोर आश्चर्य की बात है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *