आंदोलन की सफलता को लेकर सघन जनसंपर्क अभियान के तहत पर्चे बांटे गये
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला (Samastipur District) के हद में ताजपुर प्रखंड के चकहैदर हौदा का गायब रजिस्टर टू उपलब्ध कराने, प्रखंड स्तर पर आधार सुधार केंद्र शुरू करने, खाली पड़े भवन में आंगनबाड़ी केंद्र चलाने, नप क्षेत्र में नाला निर्माण शुरू करने, आदि।
वार्ड एवं पंचायत स्तर पर सर्वे कर पात्र- अपात्र राशन कार्डधारी को चिंहित करने समेत वंचितों को राशन कार्ड देने, छूटे सदस्यों का नाम जोड़ने आदि मांगों को लेकर 1 जून से ताजपुर अंचल एवं प्रखंड मुख्यालय पर भाकपा माले (Bhakpa Male) के बैनर तले अनिश्चितकालीन घेरा डालो- डेरा डालो आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली गई है।
इस आशय की जानकारी देते हुए भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने 31 मई को कहा कि उक्त आंदोलन में बड़ी भागीदारी दिलाने हेतु किसान नेता ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, माले नेता प्रभात रंजन गुप्ता, ऐपवा नेत्री बंदना सिंह सहित शंकर सिंह, बासुदेव राय आदि के नेतृत्व में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पर्चा वितरण करते हुए सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
माले नेता कॉमरेड सिंह ने कहा कि ताजपुर प्रखंड के अधिकारीगण जन समस्याओं के प्रति लापरवाह हैं। यहां आधार सुधार केंद्र महीनों से बंद पड़ा है। लोगों को आधार कार्ड सुधार के लिए बगल के मोरबा प्रखंड या समस्तीपुर का रूख करना पड़ता है।
आंगनबाड़ी भवन बनकर 5 वर्षों से तैयार है, लेकिन उसमें केंद्र नहीं चलाया जा रहा है। पंचायत में जाने के बजाय कार्यालयों में बैठकर पात्र राशन कार्ड बंद कर दिया जाता है। वर्षात में डूबे रहने वाले ताजपुर बाजार में नाला निर्माण शुरू नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि उक्त समस्या को लेकर अधिकारियों से लगातार भेंट कर समस्या समाधान का आग्रह किया गया, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। उन्होंने ताजपुर वासियों से अपील किया है कि उक्त आंदोलन में बड़ी भागीदारी दिलाकर आंदोलन को सफल बनाएं।
![]()












Leave a Reply