प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, जवानों ने शॉल ओढ़ाकर की शहीद की माता को सम्मानित
प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के वीर शहीद जवान पप्पू प्रसाद का 23वां शहादत दिवस 17 नवंबर को बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड के गुंजरडीह पंचायत अंतर्गत चटनियाटांड़ स्थित उनके समाधिस्थल पर श्रद्धा और सम्मान के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहादत दिवस कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा शहीद जवान पप्पू प्रसाद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद 10+2 उच्च विद्यालय गुंजरडीह के छात्र-छात्राओं ने बारी-बारी से पुष्प अर्पित कर शहीद को नमन किया। समारोह के दौरान आईटीबीपी की रांची स्थित 40वीं बटालियन की ओर से पहुंचे सब इंस्पेक्टर गजानन खंडारे, जीडी कमलेश कुमार यादव एवं जानी महेश ने शहीद जवान की माता गीता देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नावाडीह प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, जिला परिषद सदस्य महेंद्र प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि टिंकू कुमार शर्मा, समाजसेवी दुर्गा प्रसाद महतो, जयलाल महतो, लोकेश्वर प्रसाद महतो, मंटू नायक, जुगनू महतो तथा आईटीबीपी 40वीं बटालियन के सब इंस्पेक्टर गजानन खंडारे ने शहीद पप्पू प्रसाद के अदम्य साहस, वीरता और देश के प्रति समर्पण को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका त्याग और राष्ट्र प्रेम आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बना रहेगा। इस दौरान वक्ताओं ने शहीद जवान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों का सम्मान करना और उनके बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
मौके पर शहीद जवान पप्पू प्रसाद के बड़े भाई भोला प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक दुर्गा प्रसाद सहित परिवार के अन्य सदस्य, काफी संख्या में स्कूली छात्र-छात्रा, युवा एवं ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता एवं संचालन शिक्षक जितेंद्र प्रसाद ने किया।
![]()













Leave a Reply