अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र के ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में आगामी श्रावणी मेले के सफल आयोजन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए मंदिर न्यास समिति ने 29 जुलाई को एक महत्वपूर्ण बैठक की। समिति के अध्यक्ष प्रमोद मुकेश, सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’, सह-सचिव ओमप्रकाश सिंह और सह-कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा की उपस्थिति में मंदिर प्रशासन, पुजारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय कर व्यापक प्रबंधों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में मेले के दौरान आगन्तुक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समय-सीमा तय की गई जिसमें मंदिर के कपाट प्रातः 4 बजे खोलने, मंगला आरती के पश्चात श्रद्धालु दर्शन, सोमवार को रात्रि शेष 2 बजे से मंगला आरती व अभिषेक के बाद दिनभर अर्घा के माध्यम से जलार्पण की सुविधा रहेगी।
वहीं दोपहर 11:30 से 12:30 बजे तक मंदिर में साफ-सफाई एवं भोग के लिए कपाट बंद रहेंगे। संध्या 7 बजे श्रृंगार आरती होगी और रात्रि 9 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। जबकि शुक्रवार की रात कांवरियों की सुविधा के लिए कपाट रात्रि 11 बजे तक खुले रहेंगे। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए मंदिर परिसर में विशेष वालंटियर्स और सेवादल कर्मी तैनात रहेंगे। स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। रुद्राभिषेक या संध्या श्रृंगार आरती के लिए श्रद्धालु मंदिर परिसर स्थित रसीद काउंटर से ही विधिवत रसीद प्राप्त करें, ताकि दर्शन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
![]()













Leave a Reply