Advertisement

आंध्र प्रदेश में हादसे का शिकार बना बोकारो का प्रवासी मजदूर कमलेश

बांध पंचायत रहिवासी कमलेश यादव की मौत पर गांव में पसरा मातम

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के बांध पंचायत के लिए दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। पंचायत रहिवासी 43 वर्षीय कमलेश यादव की आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में कार्य के दौरान हुए हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी देते हुए 6 सितंबर को बांध पंचायत के मुखिया मुरली देवी के पुत्र समाजसेवी बबलू कुमार यादव ने बताया कि कमलेश अपने परिवारजन के भरण-पोषण के लिए छह माह पूर्व रोजगार की तलाश में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम गए थे। वहां वे एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम कर रहे थे। काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे ऊंचाई से नीचे गिर गए। सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन और स्थानीय पुलिस को दी।

समाजसेवी बबलू ने बताया कि कमलेश की मौत की खबर उनके पैतृक गांव बांध पंचायत पहुंचते ही पूरे पंचायत में मातम पसर गया। मृतक के घर में कोहराम मच गया है। पत्नी, बच्चों और माता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे बूढी मां, पत्नी और दो बच्चे छोड़ गए हैं। ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।

बताया जाता है कि कमलेश बेहद मिलनसार और मेहनती थे और आर्थिक तंगी के कारण बाहर कमाने गए थे। इस दु:खद घटना पर बांध पंचायत की मुखिया मुरली देवी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मानवीय पहल करते हुए घटनास्थल के संबंधित थाना में संपर्क कर शव को जल्द से जल्द परिजनों को सौंपने के की अपील की है, ताकि शव को सम्मान के साथ गांव लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके।
इस अवसर पर मुखिया ने कहा कि इस कठिन समय में पंचायत परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। समाजसेवी बबलू ने कहा कि वे पीड़ित परिवार को हर संभव मदद को तत्पर है। जरूरत हुई तो सरकारी स्तर पर आश्रित को मदद पहुंचाने के लिए वे प्रयास करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *