Advertisement

दामोदर नदी से गौरीनाथ धाम तक छाया युवा लायंस फोर्स का सेवा अभियान

भव्य जागरण में लाखों श्रद्धालु झूमे, 2300 कांवरियों को मात्र एक रुपये में दर्शन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। युवा लायंस फोर्स की ओर से सावन के अवसर पर आयोजित बोल बम कार्यक्रम इस वर्ष भी भव्य और सफल रहा। संस्था की ओर से करीब 2300 कांवरियों को मात्र एक रुपये में विभिन्न सुविधाओं के साथ बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के बाबा गौरीनाथ धाम का दर्शन कराया गया और सभी को सकुशल वापस लाया गया। पिछले 14 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम इस वर्ष 15वें वर्ष में प्रवेश कर गया।

कार्यक्रम की सफलता के बाद युवा लायंस फोर्स के अध्यक्ष देव शर्मा ने सेवा दल के सदस्यों, कलाकारों, जिला प्रशासन, स्थानीय पत्रकारों तथा टेंट और लाइट संचालकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन की सफलता किसी एक इंसान के प्रयास से संभव नहीं है। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफल हो सका। उन्होंने दावा किया कि आयोजन के लिए उनकी टीम ने किसी से आर्थिक सहयोग नहीं लिया।

इस अवसर पर चास के आईटीआई मोड़ के समीप जेल मोड़ पर भव्य सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में सुबह 11 बजे से ही खिचड़ी वितरण शुरू कर दिया गया था। कांवरियों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा, स्नान, चेंजिंग रूम, गमछे समेत कई सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। लगभग दस क्विंटल दूध की खीर, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, जूस, फल, चाय-कॉफी, बिस्किट और चॉकलेट भी श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम के दौरान डाक बम सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी अजय राय को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद आयोजित भव्य जागरण में कलाकारों ने पूरी रात श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में गायक कार्तिक दसौंधी, श्वेता तिवारी, कुमार जुगनू, संतोष पांडेय, श्वेता कुमारी सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। स्थानीय हास्य कलाकार कामदेव उर्फ केडी सिंह समेत कई कलाकारों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

जानकारी के अनुसार भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं तक पहुंचने और जरूरतमंदों की मदद के लिए इस वर्ष पहली बार बाइक सेवा दल का भी गठन किया गया था। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व बोकारो जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता, स्थानीय पार्षद सुमन राय, सुनील महतो, सेल एवं ओएनजीसी के कई अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा युवा लायंस फोर्स के 500 से 600 सदस्य सेवा में मुस्तैद रहे।

इस अवसर पर युवा लायंस फोर्स अध्यक्ष देव शर्मा ने कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से सेवा का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कहा कि आयोजन की भव्यता और व्यवस्थाओं को लेकर इस वर्ष युवा लायंस फोर्स का कार्यक्रम श्रद्धालुओं के साथ-साथ चास-बोकारो में भी चर्चा का केंद्र बना रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *