Advertisement

कसमार में अवैध स्टोन चिप्स लदा हाइवा जब्त, खनन विभाग की कार्रवाई

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। उपायुक्त बोकारो के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज के परिवहन एवं प्रेषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र में खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान बहादुरपुर के समीप मुख्य पथ पर अवैध रूप से स्टोन चिप्स का परिवहन कर रहे एक हाइवा को पकड़ा गया।

बताया जाता है कि जांच के दौरान खनिज के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर अधिकारियों ने हाइवा को विधिवत जब्त कर लिया। जब्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए कसमार थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान बोकारो के खनन विभाग के निरीक्षक सीताराम टुडू के साथ पुलिस बल मौजूद रहा। टीम ने क्षेत्र में अवैध खनिज के परिवहन पर निगरानी भी की। निरीक्षक टुडू ने कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज के परिवहन एवं प्रेषण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन कर खनिज पदार्थ का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उपस्थित अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध कागजात के खनिज का परिवहन करने वाले वाहनों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *