Advertisement

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी का डीसी द्वारा समीक्षा, समयबद्ध तैयारी का निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला में आगामी 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने 11 अगस्त को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने समारोह से जुड़ी तैयारियों की क्रमवार समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्य समारोह स्थल बोकारो के सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर मैदान के समतलीकरण, मोरम बिछाने, मंच, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, विद्युत एवं अन्य सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। परेड एवं मार्च पास्ट की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्लाटून के पूर्वाभ्यास, अनुशासन एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने समारोह स्थल और आसपास सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करने को कहा। डीसी ने समारोह स्थल सहित सभी सरकारी कार्यालय परिसरों में विशेष साफ-सफाई तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप ध्वजारोहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में मंच, आमंत्रण, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैठने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गयी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *