एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा काम से हटाये गये मजदूरों ने 14 अगस्त को बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा महाप्रबंधक कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इसे लेकर आउटसोर्सिंग मजदूरों ने महाप्रबंधक कार्यालय को मांग पत्र सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के जरंगडीह कोलियरी में कार्यरत कृष्णा आउटसोर्सिंग कंपनी के मजदूरों ने 14 अगस्त को महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर कंपनी पर मजदूरों के शोषण का आरोप लगाया। मजदूरों ने अपनी समस्याओं का समाधान कराने तथा काम से बैठाए गए मजदूरों को पुनः काम पर रखने की मांग की।
बैठाये गये मजदूरों का कहना है कि वे वर्ष 2024 से कंपनी में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। आरोप है कि उन्हें एचपीसी (हाई पावर कमिटी) के निर्धारित वेतन के अनुसार भुगतान नहीं किया जाता, बल्कि कंपनी द्वारा मनमाने तरीके से मजदूरी दी जा रही है। इससे ऑपरेटर मजदूरों का आर्थिक शोषण हो रहा है।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि जब वेतन या अन्य समस्याओं को लेकर कंपनी प्रबंधन से सवाल किया जाता है तो उन्हें काम से बैठा देने तथा अन्य तरह की धमकियां दी जाती हैं। मजदूरों के अनुसार 13 अगस्त को भी कई मजदूरों को काम से बैठा दिया गया और उनकी जगह नए को नियुक्त कर काम कराया जा रहा है।
मजदूरों ने प्रबंधन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने, पुराने मजदूरों को पुनः काम पर रखने तथा निर्धारित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 17 अगस्त से कृष्णा आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। मजदूरों ने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।
![]()













Leave a Reply