तृतीय सोमवारी पर पहलेजा से बाबा गरीबनाथ धाम तक शिवभक्तों का सैलाब
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावण मास की पवित्र धरा सारण जिला के हद में पहलेजा घाट पर अध्यात्म और भक्ति का एक अलौकिक और विहंगम दृश्य देखने को मिल रहा है। जिला के हद में सोनपुर के पावन पहलेजा घाट धाम पर 14 अगस्त को तृतीय सोमवारी के अवसर पर श्रद्धा का महाकुंभ उमड़ पड़ा। संपूर्ण क्षेत्र बम-बम भोले और हर-हर महादेव के दिव्य जयकारों से गुंजायमान हो उठा, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया है। पहलेजा घाट से मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर तक शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
जानकारी के अनुसार 14 अगस्त के अहले सुबह से ही बिहार के कोने-कोने से पहुंचे लाखों शिवभक्तों ने मोक्षदायिनी नारायणी (गंडक) और मां गंगा के पवित्र संगम में डुबकी लगाई। इसके पश्चात, सूर्य की प्रथम किरणों के साथ लाखो श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरा और संकल्प के साथ मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ धाम की कठिन एवं मंगलमय पैदल यात्रा का शुभारंभ किया। इस यात्रा का प्रथम और अत्यंत महत्वपूर्ण आध्यात्मिक पड़ाव सोनपुर का पावन बाबा हरिहरनाथ मंदिर बना, जहां भक्तों ने शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शिव ही सत्य है, शिव ही सुंदर है। केसरिया वस्त्र धारण किए लाखों श्रद्धालुओं का जबरदस्त रेला इस बात का प्रमाण है कि अटूट आस्था और समर्पण के आगे भौतिक दूरियां और कठिनाइयां गौण हो जाती हैं। इस कांवड़ यात्रा में केवल युवा ही नहीं, बल्कि मातृशक्ति (महिलाएं), वृद्धजन और नन्हे बच्चे भी पूरी ऊर्जा के साथ शामिल हुए। हाथों में केसरिया ध्वज, कांवड़ में पवित्र जल और जुबान पर महामृत्युंजय मंत्र व शिव भजनों की गूंज के साथ आगे बढ़ता यह जनसैलाब दृश्य को बेहद अलौकिक बना रहा था। जगह-जगह मार्ग किनारे विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा लगाए गए सेवा शिविर वसुधैव कुटुंबकम और मानव सेवा ही माधव सेवा के सनातन भाव को चरितार्थ कर रहा था, जहां कांवरियों की हरसंभव सेवा निःस्वार्थ भाव से की जा रही थी।
शिव भक्तों की अगाध आस्था और सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। नारायणी नदी के संवेदनशील घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ की तैनाती और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की मौजूदगी यह दर्शाती है कि शासन और प्रशासन शिवभक्तों की सेवा में पूरी निष्ठा से समर्पित हैं। कांवड़ मार्ग पर प्रकाश की उत्तम व्यवस्था और चिकित्सा शिविरों की सतर्कता ने इस यात्रा को और अधिक सुगम बना दिया है।
बाबा हरिहरनाथ का भव्य श्रृंगार
लाखो की संख्या में कांवरियों एवं आस्थावान भक्तों ने आज संध्याकालीन बेला में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ का भव्य श्रृंगार दर्शन किया। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर हरिहर भक्ति के भजन गाए। स्तुति की और प्रसाद ग्रहण किया।
![]()













Leave a Reply