प्रहरी संवाददाता/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर में जनसाधारण एक्सप्रेस से 18 मई को बेगूसराय अपने घर जा रही एक 22 साल की छात्रा छेड़खानी से परेशान थी।
छेड़खानी से खुद को बचाने के लिए अचानक चलती ट्रेन से कूद गई। ग्रामीणों को वह रेलवे ट्रैक के किनारे गंभीर हालत में मिली। उसे रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती के दोनों पैर, हाथ और सिर में गंभीर चोट लगी है। उसके दांत भी टूट गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर में नर्सिंग की पढ़ाई कर ट्रेन से अपने घर बेगूसराय जिला के हद में बरौनी के लिए निकली थी। युवती बेगूसराय जिले की रहने वाली है। वह अपने घर लौट रही थी। घटना के संबंध में रेलवे सुरक्षा बल समस्तीपुर पोस्ट के पुलिस निरीक्षक एनके सिन्हा ने बताया कि सबसे पहले युवती का इलाज शुरू कराया गया।
फिर लड़की से परिवार वालों के नंबर लेकर फोन कर बुलाया गया। छात्रा की हालत की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। इस मामले में समस्तीपुर जीआरपी थानाध्यक्ष अच्छेलाल सिंह यादव ने कहा कि युवती को ट्रेन से गिरने की जानकारी मिली है। मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की गई। आरोपियों की पहचान होते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अस्पताल में इलाजरत छात्रा ने बताया कि वह 18 मई की दोपहर 3.15 बजे मुजफ्फरपुर से बरौनी जाने के लिए जनसाधारण ट्रेन में चढ़ी थी। जहां वह बैठी थी, वहां 6 लड़के थे। वे गंदे-गंदे कमेंट करने लगे। उसने मना किया तो उसे यहां-वहां छूने लगे। वह छेड़खानी से बुरी तरह परेशान हो गई थी। हालात बिगड़ गए थे।
वो गेट पर आ गई। घर पर मदद के लिए फोन करने लगी। तभी वो लड़के फोन छीनने लगे और फिर से छूना शुरू कर दिया। ट्रेन में बहुत लोग थे, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया। क्या करती कुछ समझ नहीं आया तो ट्रेन से कूदना ही सही समझा।
पीड़िता ने बताया कि वह आरोपियों को नहीं पहचानती है। घायल युवती एएनएम की छात्रा है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोरबद्धा रेलवे फाटक संख्या 50 सी के ओएचई पोल संख्या 31/12 के पास लड़की ट्रेन से कूद गई। ग्रामीणों ने उसे रेलवे के अस्पताल में भर्ती करवाया।
![]()












Leave a Reply