Advertisement

कसमार के वरिष्ठ समाजसेवी एवं राजनीतिज्ञ संजय कुमार चौबे का निधन

पूर्व विधायक, जिप सदस्य, अध्यापक संघ अध्यक्ष, समाजसेवी आदि ने दी श्रद्धांजलि

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार के प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ एवं समाजसेवी संजय कुमार चौबे का देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित एम्स में उपचार के दौरान 28 जुलाई की शाम निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही कसमार सहित पूरे बोकारो जिले में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े गणमान्य जनों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।

दिवंगत के निधन पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि संजय कुमार चौबे का निधन समाज और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वे जनसेवा, सामाजिक समरसता और विकास के प्रति सदैव समर्पित रहे है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह दुरूह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने कहा कि दिवंगत चौबे ने अपने कार्यों से समाज में अलग पहचान बनाई। उनका निधन कसमार क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

बोकारो जिला अध्यापक संघ के अध्यक्ष संजय कुमार महतो ने कहा कि दिवंगत संजय कुमार चौबे समाज और शिक्षा के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन एवं जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत संजय कुमार चौबे का निधन समाज के लिए अत्यंत दु:खद और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने हमेशा सामाजिक एकता, जनहित और सेवा को सर्वोपरि रखा। उनका सरल और सौम्य व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा।

समाजसेवी सूरज जायसवाल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिवंगत चौबे का जाना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है। वे हर वर्ग के रहिवासियों के सुख-दु:ख में सहभागी रहते थे। उनका सामाजिक योगदान और मानवीय व्यवहार सदैव आमजनों के दिलों में जीवित रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। संजय कुमार चौबे के निधन पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *