Advertisement

सेवा भारती द्वारा रानी पोखर के कुम्हार टोला में श्रीराम बाल संस्कार केन्द्र का उद्घघाटन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सेवा भारती बोकारो महानगर द्वारा निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए संस्कार युक्त शिक्षा की निःशुल्क व्यवस्था रानी पोखर ग्राम के कुम्हार टोला में की गई।

इस अवसर पर श्रीराम बाल संस्कार केन्द्र का उद्घघाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी दीपक परमार द्वारा विद्या की देवी सरस्वती के चित्र के समक्ष मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।

कुम्हार टोला में उद्घघाटन के मौके पर बच्चों द्वारा ब्रह्मनाद, गायत्री मंत्र, सरस्वती वन्दना एवं सामुहिक गीत प्रस्तुत किया गया। यहां उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि दीपक परमार ने कहा कि यहां के अधिकांश रहिवासी बेसहारा व निर्धन हैं।

उनके बच्चों के बीच सेवा भारती निश्चित रूप से बाल संस्कार केन्द्रों के माध्यम से संस्कार एवं शिक्षा की व्यवस्था कर रही है। साथ ही उन्हें शिक्षित एवं सुसंस्कारित कर समाज के मुख्यधारा में लाने का प्रयत्न कर रही है जो सराहनीय है।

सेवा भारती संस्था के सचिव राम वचन सिंह ने कहा कि सेवा भारती रानी पोखर ग्राम को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने में सहयोगी बनेगी। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में यहाँ तीन बाल संस्कार केन्द्र और दो सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र चलाया जा रहा है।

ग्राम के हर टोला में बाल संस्कार केन्द्र और सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र खोलने की योजना है, जिससे बच्चे सुशिक्षित हो जायें एवं महिलाएँ व किशोरियां स्वावलम्बी और आत्मनिर्भर बन जाये। सेवा भारती समाज से सहयोग लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वावलम्बन के क्षेत्र में कार्य कर रही है। धन्यवाद ज्ञापन स्वास्थ्य आयाम प्रमुख शिवशंकर प्रसाद द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिवशंकर प्रसाद, दीपक परमार, रामवचन सिंह, मीना देवी, नमिता देवी, रानी कुमारी, केन्द्र की शिक्षिका बसन्ती कुमारी एवं अन्य कार्यकर्त्ताओं का योगदान सराहनीय रहा। कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *