Advertisement

जरिडीह थाना क्षेत्र में बंद क्रेशर से 60 लाख का अवैध शराब बरामद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरिडीह थाना क्षेत्र के बंद पड़े एक क्रेशर से 7 नवंबर की देर संध्या उत्पाद विभाग ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।

बताया जाता है कि उत्पाद विभाग बोकारो की टीम ने छापेमारी कर लगभग 1100 पेटी विदेशी शराब जब्त की है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार उक्त क्रेशर परिसर में कई खराब गाड़ियां खड़ी थीं, लेकिन एक वाहन सही स्थिति में पाई गई। जब टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें शराब की पेटियां भरी मिलीं। हर बोतल पर 500 रुपये का दाम अंकित था।

इस संबंध में उत्पाद निरीक्षक विजय पाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्थान लंबे समय से बंद पड़ा पाया गया है। अब 8 नवंबर को अंचल अधिकारी जरिडीह से संपर्क कर यह जानकारी ली जाएगी कि उक्त क्रेशर का मालिक कौन है और वहां शराब भंडारण कैसे हुआ।

टीम ने जब्त वाहन और शराब को थाना परिसर लाकर सील कर दिया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है, ताकि यह पता चल सके कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध शराब कहां से लाई गई और किसे सप्लाई की जानी थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *