Advertisement

चास के पुपुनकी में मातम का माहौल, सारा तबस्सुम के जनाजे में उमड़ा जनसैलाब

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। रामगढ़ जिला के हद में चुटूपालू घाटी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली सारा तबस्सुम को 7 सितंबर को नम आंखों के साथ सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के पुपुनकी गांव में उनके निधन से मातम का माहौल रहा। शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने के लिए दिनभर सैकड़ों की संख्या में सगे-संबंधी, ग्रामीण और शुभचिंतक उनके आवास पहुंचते रहे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद 7 सितंबर को डुमरी विधायक जयराम महतो पुपुनकी गांव पहुंचे और मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। विधायक ने शोकाकुल परिवार से मिलकर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दु:ख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी भी ली।

गौरतलब है कि बीते 6 सितंबर को रांची-रामगढ़-पटना नेशनल हाईवे स्थित चुटूपालू घाटी में ब्रेकफेल कंटेनर ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में पुपुनकी रहिवासी 45 वर्षीया सारा तबस्सुम की मौत हो गई थी, जबकि कार में सवार पांच अन्य घायल हुए थे। घटना के बाद से पुपुनकी गांव में शोक का माहौल है। विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों एवं परिजनों ने उनका आभार जताया। मृतका के जनाजे में भी बड़ी संख्या में आमजन की भीड़ उमड़ी। सैकड़ों रहिवासियों ने जनाजे में शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी और उनकी मगफिरत के लिए दुआ की। पूरे गांव में गमगीन माहौल रहा और हर किसी की जुबान पर हादसे की चर्चा रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *