प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के उलगड्डा पंचायत के पूरनाडीह पहुंचे गोमिया के पूर्व विधायक सह आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव डॉ लंबोदर महतो। यहां उन्होंने मां मनसा मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और मां मनसा का दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने ग्रामीणों के साथ मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न सार्वजनिक समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। पूर्व विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आमजनों के बीच जाना और उनकी समस्याओं को सीधे सुनना ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कहा कि क्षेत्र के गांवों में आज भी कई मूलभूत समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए लगातार आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं को संबंधित विभाग एवं अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के बिना झारखंड के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक गांव के ग्रामीणों का अधिकार है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
डॉ महतो ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल हमारी सामाजिक एकता एवं आस्था के केंद्र हैं। मां मनसा के दरबार में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति हुई। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, श्रद्धालु एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply