Advertisement

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का उद्घाटन आज, डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला का उद्घाटन 9 नवंबर को अपराह्न पांच बजे किया जायेगा। इसे लेकर एक दिन पूर्व जिलाधिकारी (डीएम) तथा वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर जायजा लिया।

पर्यटन विभाग, बिहार एवं जिला प्रशासन सारण ने संयुक्त रूप से 8 नवंबर को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि हरिहर क्षेत्र मेला के नखास क्षेत्र स्थित पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक पंडाल में सारण प्रमंडल के आयुक्त राजीव रौशन इस वर्ष मेला का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक निलेश कुमार होंगे।

विदित हो कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू है, इसलिए कोई भी मंत्री या विधायक अथवा राजनेता मेला का उद्घाटन करने नहीं आएंगे। जिसके कारण मेला उद्घाटन में आमजनों की उदासीनता दिखेगी। भीड़ भी कम होगी।

डीएम और एसएसपी ने किया मेला का स्थलीय निरीक्षण

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सारण अमन समीर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष द्वारा मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संपूर्ण मेला परिसर की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। द्वय अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से बातचीत कर स्थल की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सारण पुलिस द्वारा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा मेला क्षेत्र में सतत पेट्रोलिंग, निगरानी एवं नियंत्रण के लिए अस्थायी थाना, पुलिस पिकेट, कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।

इसके अतिरिक्त मेला में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु वन-वे ट्रैफिक, पार्किंग स्थल, वैकल्पिक मार्ग एवं पैदल यातायात के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए महिला सहायता केंद्र, सूचना केंद्र एवं लोक उद्घोषणा प्रणाली को भी सक्रिय रखा गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *