Advertisement

मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से डीएवी कथारा सम्मानित

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार (एमएसवीपी) 2025-26 अपने नाम कर विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है। विद्यालय को इस उपलब्धि के लिए दो लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उक्त जानकारी 10 अगस्त को डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने दी।

जानकारी देते हुए दसौंधी ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची द्वारा जारी पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025-26 के अंतर्गत राज्य के विभिन्न स्तरों पर विद्यालयों के स्वच्छता संबंधी मानकों का मूल्यांकन किया गया। इसी क्रम में डीएवी कथारा ने स्वच्छता एवं स्वच्छ विद्यालय से जुड़े विभिन्न मानदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया।

विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण, शौचालयों की स्वच्छता एवं रख-रखाव, पेयजल की व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता तथा विद्यालय परिसर के समग्र रख-रखाव जैसे विभिन्न पक्षों में डीएवी कथारा का प्रदर्शन सराहनीय रहा। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास से विद्यालय में स्वच्छता को नियमित दिनचर्या और संस्कार का हिस्सा बनाया गया है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार विद्यालय की पूरी टीम की मेहनत, अनुशासन और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर विद्यालय केवल बाहरी व्यवस्था नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन और स्वस्थ जीवन शैली के संस्कार विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यालय परिवार विशेष कर चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को साधुवाद देते हुए कहा कि इस सम्मान से सभी को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी तथा भविष्य में भी विद्यालय स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने का प्रयास करेगा।

विद्यालय को मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान पर वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, बी. के. दसौंधी, तेजो मित्र पाठक, असित कुमार गोस्वामी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, आराधना, मधुमल्लिका उपाध्याय, जयपाल साव, नीरज सिन्हा, विमलेश कुमार, अमरनाथ यादव, विकास सिंह सहित तमाम शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय के चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों यथा अनुज सिन्हा, श्याम नंदन सिंह, देवानंद प्रजापति, उमेश प्रजापति, अशोक रविदास, बित्तन रविदास, प्रेम, जियालाल साव, सुशील कुमार, चेतन कुमार, चंपा गिरि, गेंदिया देवी, गीता देवी, सोनी कुमारी, गुड़िया कुमारी एवं सुमित्रा ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान सभी के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है। साथ ही, उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय को स्वच्छता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *