अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त को सारण जिला के हद में हरिहरक्षेत्र सोनपुर के ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने अत्यंत शांति, धैर्य और अनुशासन के साथ कतारबद्ध होकर बाबा का जलाभिषेक और पूजन किया।
इस अवसर पर मंदिर में विशेष व्यवस्था के तहत अहले सुबह 2 से 3 बजे तक मंगला आरती और नित्य सुबह का रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। इसके बाद, ब्रह्म मुहूर्त में ठीक पूर्व 3 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। सुचारू रूप से जलार्पण के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा विशेष अर्घा प्रणाली की व्यवस्था की गई थी, जिससे हजारों की संख्या में आए भक्तों ने आसानी से जल अर्पित कर पुण्य लाभ कमाया।

इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी संध्या 4 बजे मंदिर पहुंचे और बाबा हरिहरनाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं हरिहरक्षेत्र के विकास, सुख और समृद्धि की कामना की। इस दौरान हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पमाला और बाबा हरिहरनाथ का प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
यहां संध्याकालीन वेला में आयोजित कार्यक्रमों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
श्रृंगार आरती सायं 7 से 7:30 बजे तक भव्य संपन्न हुई, जिसने उपस्थित भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। काशी विश्वनाथ और वृंदावन से आए विशेष कलाकारों द्वारा जीवंत शिव तांडव प्रस्तुत किया गया। इस सोमवार का दिव्य श्रृंगार श्रीकेदारनाथ मंदिर की भव्य आभा बिखेर रहा था।यह संपूर्ण अलौकिक श्रृंगार और धार्मिक कार्यक्रम स्थानीय श्रद्धालु ठाकुर अमित सिंह उर्फ पिंकू सिंह के सौजन्य से आयोजित किया गया था।
![]()














Leave a Reply