दर्शन को उमड़ा हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पवित्र श्रावण मास की दूसरी सोमवारी 10 अगस्त के पावन अवसर पर सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखने को मिला। इस दौरान बाबा हरिहरनाथ का केदारनाथ स्वरूप में किया गया भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बन गया।
सोमवार की शाम मंदिर परिसर में भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम दिखा। हजारों की संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने बाबा हरिहरनाथ के इस दिव्य रूप का दीदार कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
दीपमालाओं की दिव्य ज्योति, मंदिर की घंटियों की मधुर गूंज और हर-हर महादेव के अखंड जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। स्थानीय श्रद्धालु ठाकुर अमित सिंह उर्फ पिंकू सिंह द्वारा किए गए इस मनभावन केदारनाथ स्वरूप श्रृंगार को देखकर भक्त भाव-विभोर हो उठे और इस पल को अपने मोबाइल तथा कैमरों में कैद करते नजर आए।
संध्या बेला में आयोजित भव्य संध्या आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए। इस आध्यात्मिक अवसर पर मंदिर न्यास के प्रमुख पदाधिकारी और पुजारीगण उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से न्यास पदाधिकारी अध्यक्ष प्रमोद मुकेश, सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’, कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार, सह-कोषाध्यक्ष मिथिलेश सिन्हा के अलावा मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री, पवनजी शास्त्री, सदानंद बाबा, नंद बाबा सहित समस्त पुजारीगण एवं न्यास के सदस्य शामिल रहे। मौके पर पुजारीगण ने सभी भक्तों को आशीर्वाद देते हुए कामना की कि बाबा हरिहरनाथ की असीम कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का वास हो।
![]()













Leave a Reply